कच्ची ईंटा सी पीली है छगिया
जो तेरह में ब्याही गयी थी
रात में पति को कैसे रोकती
पथाई-भराई करने के बाद साँझ ढले
दिन भर का लपेटा सूरज झटककर
आयोडीन युक्त पसीना पोंछकर
चौधरी से सौ रुपया लेती है दिहाड़ी
चौधरी अक्सर नोट खींचकर कहता है
सूखी मुस्कान से कोयला तोड़कर
हाँफती साँसों से गर्द छोड़कर
ओह्हो, आयोडीन तो नमक में है
छगिया ने लगाया हिसाब इतना
और जड़ दिया बच्चे को ज़ोर का तमाचा
होंठों के पोरों में जा पहुँचा
फूला है पेट और सिकुड़ी है बाँह
देती है मन बहलाने को अक्सर
कूड़े से बीना अख़बार का टुकड़ा
ख़ुद भी खींचती है चूल्हे का हल्का कोयला
उठा के अख़बार, रगड़ता है जीभ
छगिया खाँस के डाँट देती है
अब बच्चे को डॉक्टर की ज़रूरत नहीं है
"ऐन एप्पल अ डे, कीप्स डॉक्टर अवे!"